लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब के लुधियाना स्थित एक फाइव स्टार होटल में एनआरआई युवती से कथित दुष्कर्म की कोशिश के मामले में नया मोड़ सामने आया है।
पीड़िता का आरोप है कि जिस व्यक्ति को वह और उसका परिवार पंडित समझ रहे थे, वह वास्तव में डीजे संचालक राहुल सूद है। युवती का दावा है कि आरोपी ने उसकी मां को विश्वास दिलाया था कि वह ‘साईं बाबा की चौकी’ लगाकर लोगों के कष्ट और कथित भूत-प्रेत का प्रभाव दूर करता है।

‘भूत निकालने’ के बहाने होटल बुलाया
पीड़िता के अनुसार, वह अपनी मां और भाई के साथ चंडीगढ़ से लुधियाना आई थी। परिवार ने रेडीसन ब्लू होटल में कमरा लिया, जहां आरोपी पूजा कराने के बहाने पहुंचा।
आरोप है कि उसने पहले मां को प्रसाद दिया, जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गईं। इसके बाद छोटे भाई को कमरे से बाहर भेज दिया गया।
युवती का आरोप- कपड़े उतरवाकर की अश्लील हरकतें
युवती का कहना है कि आरोपी ने दावा किया कि उसके अंदर दो आत्माएं हैं, जिन्हें निकालने के लिए विशेष प्रक्रिया करनी होगी। इसी बहाने उसने कथित तौर पर उसके कपड़े उतरवाए, उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म की कोशिश की।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की और करीब आधे घंटे तक उसे जबरन रोके रखा।
भागकर बचाई जान, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता के मुताबिक, मौका मिलते ही उसने आरोपी को धक्का देकर खुद को छुड़ाया, कपड़े पहने और होटल की गैलरी में भाग गई। कुछ लोगों के बाहर आने पर आरोपी वहां से फरार हो गया।
बाद में मां को होश आने पर पूरी घटना बताई गई और सराभा नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धमकियों का भी आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी की पत्नी की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उनकी मां मानसिक तनाव में हैं।
पीड़िता का यह भी दावा है कि आरोपी पहले भी अन्य युवतियों के साथ इस तरह की घटनाएं कर चुका है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।














