श्री गुरु अर्जन देव जी की शहीदी वर्षगांठ: 541 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पांचवें पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी की शहीदी वर्षगांठ के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की अगुवाई में 541 सिख श्रद्धालुओं का जत्था जयकारों और धार्मिक उत्साह के साथ पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। जत्थे का नेतृत्व एसजीपीसी सदस्य भूपिंदर सिंह पहलवान और गुरमीत सिंह बूह कर रहे हैं।

श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, पंजा साहिब, करतारपुर साहिब और डेहरा साहिब लाहौर सहित विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों में माथा टेकेंगे।

18 जून को लाहौर के गुरुद्वारा डेहरा साहिब में श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी समागम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। एसजीपीसी पदाधिकारियों ने जत्थे को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया और सुखद यात्रा की कामना की।