ड्यूटी निभाते हुए शहीद हुए पंजाबी मूल के पुलिस अधिकारी तरुण बाली, फरार आरोपी ने गाड़ी से कुचलकर ली जान

जालंधर/ओंटारियो, रोजाना  भास्कर ब्यूरो: कनाडा के ओंटारियो प्रांत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंजाबी मूल के 29 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल तरुण बाली ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। एक फरार युवक को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने तेज रफ्तार वाहन उन पर चढ़ा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

घटना उत्तरी ओंटारियो के हर्स्ट क्षेत्र के निकट हुई। पुलिस एक ऐसे युवक की तलाश कर रही थी, जो मानसिक स्वास्थ्य कानून के तहत निगरानी में रखे गए अस्पताल से फरार हो गया था।

पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश किए जाने पर आरोपी ने वाहन से टक्कर मारकर कांस्टेबल बाली की जान ले ली। पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पूर्व नियोजित हत्या सहित कई गंभीर आरोप दर्ज किए हैं।

तरुण बाली पिछले ढाई वर्षों से ओंटारियो प्रांतीय पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। उनकी शहादत से कनाडा के पुलिस विभाग और भारतीय-कनाडाई समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।

ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीं, पूरे कनाडा में उनके सम्मान में झंडे आधे झुका दिए गए हैं।

कर्तव्य के प्रति समर्पण और बहादुरी की मिसाल बने तरुण बाली को हमेशा याद रखा जाएगा।