‘4 लाख रुपए दिए, फिर भी नहीं मिली रजिस्ट्री’ — जालंधर में युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, पुलिस ने बचाई जान

गुरु रविदास चौक पर हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रॉपर्टी डीलर पर गंभीर आरोप

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के गुरु रविदास चौक पर कोट सदीक निवासी सोनू ने कथित प्रॉपर्टी विवाद से परेशान होकर खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे आग लगाने से पहले ही रोक लिया और बड़ा हादसा टाल दिया।

सोनू का आरोप है कि उसने करीब 3 साल पहले एक प्लॉट खरीदने के लिए 4 लाख रुपए से अधिक की राशि किश्तों में जमा करवाई थी। उसका कहना है कि बयाना और भुगतान उसके नाम पर था, लेकिन कथित तौर पर प्रॉपर्टी डीलर ने प्लॉट की रजिस्ट्री उसकी पत्नी के नाम कर दी।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जवाब मांगने पर उसके साथ दफ्तर में बदसलूकी की गई।

घटना के बाद पुलिस ने सोनू को थाना भार्गव कैंप भेजकर उसके बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की पड़ताल कर रही है।