IPL सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: मोबाइल शॉप की आड़ में चल रहा था ऑनलाइन बेटिंग रैकेट, तीन बुकीज गिरफ्तार 

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेस्ट हलके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई रेड में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप और नकदी बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, शहनाई पैलेस रोड स्थित एक मोबाइल शॉप की आड़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी का धंधा चलाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात छापेमारी कर मोबाइल विक्रेता केशव मदान, जसनूर और उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि आरोपी भोले-भाले लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर सट्टेबाजी के जाल में फंसा रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि केशव अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान के भीतर से बेटिंग नेटवर्क संचालित कर रहा था।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।