पंजाब बंद की कॉल का जालंधर में असर नहीं, होगा विशाल विरोध-प्रदर्शन: वाल्मीकि समाज ने सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी!

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जालंधर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। संगठनों ने स्पष्ट किया है कि 30 जुलाई को जालंधर बंद नहीं रहेगा, बल्कि शहर में सरकार के खिलाफ विशाल विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रतिनिधियों ने कहा कि कुछ संगठनों द्वारा पंजाब बंद की खबरें चलाई जा रही हैं, लेकिन जालंधर के लोगों ने 27 जुलाई को ही बंद का समर्थन कर अपना विरोध दर्ज करा दिया था। इसलिए 30 जुलाई को किसी प्रकार का बंद नहीं रखा जाएगा। इसके बजाय सभी सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं एकजुट होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य सरकार का ध्यान बरनाला लाठीचार्ज मामले की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 जुलाई की घटना के कई दिन बाद भी जिम्मेदार डीएसपी के खिलाफ न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।

संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उनका कहना है कि 27 जुलाई के सफल बंद के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके चलते अब आर-पार की लड़ाई लड़ने का फैसला किया गया है।