चंडीगढ़/जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: लाजपत राय मेहरा न्यूरोथेरेपी रिसर्च ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एलएमएनटीआरटीआई) की ओर से 22 और 23 अगस्त 2026 को चंडीगढ़ में दो दिवसीय एजुकेशनल वर्कशॉप एवं प्रोफेशनल मीटिंग आयोजित की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया 22 अगस्त को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल ने कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति के लिए सहमति प्रदान कर दी है।
राजभवन में अजय गांधी (नेशनल प्रेसिडेंट, ऑल इंडिया न्यूरो थेरेपिस्ट संगठन) तथा डॉ. राम गोपाल परिहार (नेशनल प्रेसिडेंट, एलएमएनटीआरटीआई) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
इस अवसर पर एलएमएनटीआरटीआई के राष्ट्रीय महासचिव पुष्पक श्रीवास्तव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुमित महाजन भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से न्यूरोथेरेपी विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में न्यूरोथेरेपी की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना है। यह आयोजन पूज्य लाजपत राय मेहरा जी की 94वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
आयोजकों का मानना है कि राज्यपाल की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ेगी और स्वास्थ्य एवं शोध क्षेत्र से जुड़े युवाओं तथा विशेषज्ञों को नई प्रेरणा मिलेगी।














