जल्द बुलाई जाए नगर निगम हाउस की बैठक – पार्षद हरशरण कौर हैप्पी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। वार्ड नंबर 35 की पार्षद एवं नगर निगम की चार एडहॉक समितियों की सदस्य हरशरण कौर हैप्पी ने मेयर वनीत धीर से मांग की है कि नगर निगम हाउस की बैठक जल्द से जल्द बुलाई जाए।

वार्ड नंबर 35 की पार्षद हरशरण कौर हैप्पी।

पार्षद हरशरण कौर हैप्पी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मेयर को शीघ्र निगम हाउस की बैठक बुलानी चाहिए, ताकि वार्ड की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को निगम के समक्ष रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि वार्ड के कई विकास कार्य अभी भी अधूरे पड़े हैं, जिन पर निगम हाउस की बैठक में चर्चा होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी मांग की कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण वार्ड में कूड़े-कचरे और सफाई व्यवस्था की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसका जल्द से जल्द उचित समाधान किया जाए।

हरशरण कौर हैप्पी ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर सीवरेज जाम हो गए हैं। उनकी सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों की भारी कमी महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 35 शहर का एक प्रमुख वार्ड है, इसलिए सीवरेज की सफाई के लिए कर्मचारियों की कमी को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।