परिवार का आरोप- पार्षद के कहने पर बारिश के बीच टैंट उतारने छत पर गया था नाबालिग; हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आया
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा इलाके में रविवार शाम तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय हरीश की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिवार ने स्थानीय पार्षद एवं डॉक्टर मुनीश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि पार्षद के क्लीनिक में मेडिकल कैंप के लिए दुकान की छत पर टैंट लगाया गया था। शाम को तेज बारिश शुरू होने के बाद टैंट उतरवाने को लेकर कथित तौर पर जल्दबाजी की गई।

परिवार के मुताबिक, टैंट लगाने वाले व्यक्ति ने बारिश रुकने के बाद या अगले दिन टैंट उतारने की बात कही थी, लेकिन आरोप है कि पार्षद मुनीश ने उसी समय टैंट उतरवाने पर जोर दिया। इसके बाद टैंट वाला अपने 16 वर्षीय बेटे हरीश के साथ छत पर टैंट उतारने पहुंचा।
परिवार का आरोप है कि दुकान की छत के ऊपर से बिजली की तारें गुजर रही थीं। टैंट उतारते समय हरीश कथित तौर पर इन तारों की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का आरोप- पुलिस ने कार्रवाई की बजाय घर में छोड़ दी बच्चे की लाश
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिवार का आरोप है कि पुलिस बच्चे के शव को घर पर छोड़कर वापस चली गई और तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि उन्होंने कार्रवाई की मांग की, लेकिन उस समय उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
देर रात मृतक की मां ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिस की ओर से तत्काल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई।
परिवार की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका तय की जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पार्षद मुनीश की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।













