15 से 30 साल तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा, विजेता को मिलेगा 1 करोड़ रुपये का इनाम; 15 नवंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं के ज्ञान और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इस प्रतियोगिता में पंजाब के सभी 23 जिलों के 15 से 30 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता का मुख्य विषय पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत होगा। इसके अलावा सामान्य ज्ञान और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता पंजाबी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी।

15 से 28 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर तक चलेगा। पहले चार राउंड चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। पांचवें राउंड में 10,000 प्रतिभागी पहुंचेंगे। इसके बाद अलग-अलग चरणों में प्रतिभागियों की संख्या कम होती जाएगी और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
ऐसे मिलेंगे नकद पुरस्कार:
– पांचवें राउंड में 5,000 प्रतिभागियों को 1,000 रुपये।
– छठे राउंड में 2,500 प्रतिभागियों को 2,000 रुपये।
– सातवें राउंड में 1,250 प्रतिभागियों को 3,000 रुपये।
– आठवें राउंड में 625 प्रतिभागियों को 5,000 रुपये।
– नौवें राउंड में 395 प्रतिभागियों को 10,000 रुपये।
9 दिसंबर को जिला और 17 दिसंबर को राज्य स्तरीय फाइनल
9 दिसंबर को जिला स्तरीय मुकाबला होगा, जिसमें प्रत्येक जिले के टॉप 10 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस तरह कुल 230 प्रतिभागी जिला स्तर पर मुकाबला करेंगे। प्रत्येक जिले का विजेता 17 दिसंबर को होने वाले राज्य स्तरीय फाइनल में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।
फाइनल में पुरस्कारों का वितरण इस प्रकार होगा:
– 10 प्रतिभागियों को 3-3 लाख रुपये।
– 8 प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये।
– 4 प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपये।
– प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से कुल 10,000 प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देने की योजना है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भाषा और सामान्य ज्ञान से जोड़कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।











