पंचूर गांव से हरिद्वार लाई गईं सावित्री देवी की पार्थिव देह, सीएम धामी समेत 50 से ज्यादा VIP और साधु-संत अंतिम विदाई देने पहुंचे
लखनऊ/देहरादून, रोजाना भास्कर न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंच गया है। मां की अंतिम यात्रा के दौरान योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और घर से अर्थी को कंधा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। हरिद्वार के चंडी घाट पर भी उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया।

चंडी घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री संजय निषाद, बाबा रामदेव सहित 50 से अधिक वीआईपी और साधु-संत अंतिम विदाई देने के लिए घाट पर मौजूद हैं।

योगी ने मां को कंधा देते हुए तस्वीर की साझा
योगी आदित्यनाथ ने मां की अर्थी को कंधा देते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा की। इसके साथ उन्होंने महाभारत का एक श्लोक भी लिखा। इसका भावार्थ है कि मां जैसी कोई छाया, आश्रय, प्रेम और सुरक्षा नहीं है। इस संसार में मां के समान कोई जीवनदाता नहीं हो सकता।
रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे योगी
सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे अपने घर पर अंतिम सांस ली थी। वह 91 वर्ष की थीं। मां के निधन की खबर मिलने के बाद योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और रातभर पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। बताया गया कि इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।
अंतिम संस्कार के बाद योगी आदित्यनाथ के लखनऊ लौटने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है।














