ED के पूर्व अधिकारी निरंजन सिंह की सियासी एंट्री, ‘वारिस पंजाब दे’ में होंगे शामिल!

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पूर्व अधिकारी निरंजन सिंह बुधवार को सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में शामिल होंगे। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पंजाब में नशा, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था बड़े मुद्दे हैं और अब राज्य में बदलाव की जरूरत है।

निरंजन सिंह के मुताबिक, सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह मंगलवार को उनके घर पहुंचे और पार्टी के साथ जुड़ने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सरकारों ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के वादे किए, लेकिन समस्या अब भी बनी हुई है।

ED में अपने कार्यकाल के दौरान निरंजन सिंह पंजाब के चर्चित ड्रग-मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच से जुड़े रहे। उन्होंने राजा कंडोला और अनूप काहलों से जुड़े मामलों की जांच की और बाद में जगदीश सिंह भोला ड्रग-मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2014 में उन्होंने तत्कालीन पंजाब मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से भी भोला मामले के सिलसिले में पूछताछ की थी।

अमृतपाल सिंह से जुड़े मामलों पर निरंजन सिंह ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और अदालत का फैसला ही अंतिम होगा। अब उनके पार्टी में शामिल होने से पंजाब की राजनीति में उनकी नई भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है।