नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जंतर-मंतर पर नीट-यूजी 2026 पेपर लीक को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में बड़ा संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और नीट जैसी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होना राष्ट्रीय चिंता का विषय है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और इस गंभीर मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद पुस्तकालय भवन के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ एनडीए के सभी प्रमुख दलों के सांसद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में संसद की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे, विभिन्न राजनीतिक मुद्दों और सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का भी उल्लेख किया और भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब नीट-यूजी 2026 पेपर लीक को लेकर विरोध-प्रदर्शन जारी हैं और इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।














