कांग्रेस में शामिल हुईं उर्मिला मातोंडकर, मुंबई उत्तरी सीट से से लड़ सकती हैं चुनाव
नई दिल्ली. अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। उर्मिला सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंचीं, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ऐसी खबरें हैं कि वह उत्तर मुंबई से चुनाव लड़ सकती हैं।
ध्यान रहे कि बीजेपी ने अपने इस मजबूत गढ़ में मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी को ही एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। उर्मिला के साथ कांग्रेस नेता संजय निरुपम, विधायक असलम शेख, जीएस भूषण पाटिल आदि भी दिल्ली पहुंचे हुए थे।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उर्मिला मातोंडकर को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी और उन्हें गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। मीडिया में पहले से ही यह खबर आ रही थी कि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
उर्मिला मातोंडकर ने कहा, ‘आज के दौर में हमें ऐसा नेता चाहिए जो सबको साथ लेकर चलने वाला नेता हो, जो सबको न्याय दिलाने में यकीन करता हो। साधारण शब्दों में कहा जाए तो वह सबको साथ लेकर चलने वाला हो. मेरी नजर में नेता ऐसा ही होना चाहिए। यह सब कुछ राहुल गांधी में है।’