ऑस्ट्रेलिया जाने का सुनहरा मौका! सिर्फ ₹1500 में करें रजिस्ट्रेशन, एक साल रहने और काम करने की मिलेगी आजादी

जालंधर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: ऑस्ट्रेलिया में काम करने और घूमने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने वर्क एंड हॉलिडे (लॉटरी) वीजा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। रजिस्ट्रेशन 4 जून से 25 जून तक खुले रहेंगे, यानी इच्छुक युवाओं के पास आवेदन करने के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय होगा।

18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए शानदार अवसर

इस वीजा के लिए 18 से 30 वर्ष की आयु के युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क केवल 25 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब ₹1500) रखा गया है। खास बात यह है कि किसी एजेंट की जरूरत नहीं होगी और उम्मीदवार खुद आवेदन कर सकते हैं।

एक साल तक काम करने और घूमने की आजादी

यह वीजा लॉटरी सिस्टम के तहत जारी किया जाता है। चयनित उम्मीदवारों को एक वर्ष तक ऑस्ट्रेलिया में रहने, काम करने और यात्रा करने की अनुमति मिलेगी। किसी विशेष विषय या प्रोफेशन की शर्त नहीं है। चाहे आपने किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से पढ़ाई की हो, आप आवेदन के पात्र हो सकते हैं।

केवल ऑनलाइन होगा आवेदन

ऑफलाइन आवेदन की कोई व्यवस्था नहीं है। इच्छुक उम्मीदवारों को ऑस्ट्रेलिया के इमिग्रेशन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करनी होगी।

चयन होने पर दिखाना होगा फंड

यदि आपका चयन हो जाता है तो आपको ऑस्ट्रेलियाई इमिग्रेशन विभाग की ओर से आधिकारिक ईमेल प्राप्त होगा। इसके बाद वीजा प्रक्रिया पूरी करने के लिए बैंक खाते में लगभग ₹4 लाख का फंड दिखाना होगा। अच्छी बात यह है कि यह राशि दिखाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाता है।

एजेंटों से सावधान, खुद करें आवेदन

विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रक्रिया के लिए किसी एजेंट को बड़ी रकम देने की जरूरत नहीं है। युवा घर बैठे खुद आवेदन कर सकते हैं और फर्जी दस्तावेजों या धोखाधड़ी से बच सकते हैं।