जगराओं/लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे रिहायशी गलियों में भी वारदात करने से नहीं डर रहे। ताजा मामला रानी झांसी चौक के नजदीक स्थित बब्बे वाली गली का है, जहां बाइक सवार दो लुटेरों ने एक 10 वर्षीय बच्ची को डरा-धमकाकर उसका मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

पीड़ित बच्ची के पिता जयवीर ने बताया कि उनकी बेटी अन्य बच्चों के साथ अपने मामा के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक बच्चों के पास पहुंचे और उनके माता-पिता के बारे में पूछताछ करने लगे।
बच्चों के यह बताने पर कि उनके माता-पिता पीछे आ रहे हैं, आरोपी आगे जाकर वापस लौटे और बच्ची को डराकर उसके हाथ से मोबाइल और कुछ रुपये छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद अन्य बच्चे भी घबराकर मौके से भाग गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब लुटेरे गलियों के अंदर घुसकर भी अपराध कर रहे हैं, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना और शाम की सैर करना भी मुश्किल हो गया है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।














