जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल-17 अध्यक्ष सागर जार्ज ने अपने समर्थकों और साथियों सहित भाजपा का दामन छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) का हाथ थाम लिया। उनके इस कदम को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिए अहम माना जा रहा है।

एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पंजाब ‘आप’ प्रधान अमन अरोड़ा, पार्टी के महासचिव दीपक बाली और वरिष्ठ नेता राजविंदर कौर थिआरा ने सागर जार्ज और उनके साथियों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर स्वागत किया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों और पंजाब सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता लगातार ‘आप’ में शामिल हो रहे हैं।
पार्टी में शामिल होने के बाद सागर जार्ज ने कहा कि पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
वहीं, आम आदमी पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि सागर जार्ज के अनुभव, जनसंपर्क और संगठनात्मक क्षमता से जालंधर में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ यह राजनीतिक घटनाक्रम शहर की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।














