जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के लैदर कॉम्प्लेक्स इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। साइकिल पर काम पर जा रहे प्रवासी मजदूर सोहन लाल की गैस सिलेंडरों से लदी एक गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार गाड़ी साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। हादसे के बाद जो घटनाक्रम सामने आया, उसने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।

परिजनों के अनुसार, सोहन लाल सुबह अपने घर से जेके कास्टिंग कंपनी में काम पर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में कथित तौर पर एक गैस एजेंसी की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी।
परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद चालक उन्हें अस्पताल ले जाने के नाम पर अपने साथ ले गया, लेकिन कई घंटों तक उनका कोई पता नहीं चला। जब परिवार ने तलाश शुरू की तो मोबाइल बंद मिला और वे कहीं दिखाई नहीं दिए।
शाम को सूचना मिली कि जालंधर कुंज के पास एक सुनसान इलाके में एक शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने उसकी पहचान सोहन लाल के रूप में की।
मृतक के बेटे विपुल कुमार ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद उसके पिता को कहीं और ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट और लूटपाट की गई। परिवार का दावा है कि मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और गले की सोने की चेन भी गायब थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गाड़ी का चालक नशे की हालत में था और गैस एजेंसी प्रबंधन उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें धमकियां दे रहा है। गुस्साए परिवार ने एजेंसी मालिक को तुरंत पुलिस के सामने पेश करने की मांग की है।
मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दुर्घटना के बाद चालक घायल को अपनी गाड़ी में डालकर ले गया था। हालांकि वह अस्पताल ले जा रहा था या कहीं और, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
थाना मकसूदां के SHO गुरप्रीत सिंह के अनुसार, पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना का CCTV वीडियो और परिवार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पूरे इलाके में रोष का माहौल है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आरोपी चालक की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।














