जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 30 सितंबर को परागपुर में होने वाली नशा मुक्ति महारैली को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जीटी रोड स्थित लिली रिजॉर्ट के पास करीब 63 एकड़ क्षेत्र में रैली स्थल तैयार किया गया है। करीब 28 एकड़ में वातानुकूलित पंडाल, 25 हजार से अधिक कुर्सियों और बड़ी LED स्क्रीन की व्यवस्था की गई है।

आयोजकों के अनुसार पंजाब के 117 विधानसभा क्षेत्रों से लोग रैली में पहुंचेंगे। चार दिशाओं से निकाली गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ का समापन भी इसी कार्यक्रम में होगा।
हजारों बसों और छोटे वाहनों के संभावित आगमन को देखते हुए अलग-अलग पार्किंग जोन और ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की गई है।
अमित शाह के दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस, पीएपी, सुरक्षा एजेंसियों और केंद्रीय सुरक्षा टीमों की तैनाती बढ़ाई गई है। रैली स्थल, आसपास के मार्गों, प्रवेश-निकास और VIP मूवमेंट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह देवी तालाब मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद कोट कलां स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और दोपहर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनके आदमपुर एयरपोर्ट के रास्ते दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।














