जालंधर में निहंग बाणे में आए दो युवकों ने चुराई बुलेट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; चाबी लगी देख दिया चोरी को अंजाम!

बस स्टैंड के पास कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर से बाइक चोरी, पहले की रेकी फिर फोन पर बात करने का बहाना बनाकर हुए फरार; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। बस स्टैंड के पास स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर से निहंग बाणे में आए दो युवक एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात बैंक के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों युवक पहले बाइक के आसपास घूमकर रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद बाइक में चाबी लगी देखकर एक युवक फोन पर बात करने का बहाना बनाता है और मौका मिलते ही बुलेट लेकर फरार हो जाता है।

पीड़ित यक्ष निवासी जालंधर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल नंबर PB08-FM-6630 पर सवार होकर बस स्टैंड के पास कोटक महिंद्रा बैंक गया था। उसने बैंक के बाहर बाइक खड़ी की और अंदर चला गया। इस दौरान बाइक की चाबी उसमें ही लगी रह गई।

पीड़ित के मुताबिक, जब वह दोपहर करीब 1:15 बजे वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। उसने आसपास काफी तलाश की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि मोटरसाइकिल में उसके जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पीड़ित ने थाना बारादरी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। एसीपी सेंट्रल राजेश ठाकुर ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।