जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: त्यौहारी सीजन शुरु होते ही सेहत विभाग की टीम एक्शन मोड में आ गई है। इस दौरान सेहत विभाग की टीम द्वारा लगातार खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है और दुकानों पर दबिश दी जा रही है।

वहीं सेहत विभाग की टीम ने किशनपुरा सब्जी मंडी के पास स्थित मिठाई की दुकान पर दबिश दी। इस दौरान दुकान पर पनीर और खोये के सैंपल सेहत विभाग की टीम द्वारा भरे गए।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि फूड कमिशनर कमलप्रीत कौर बराड़ और डिप्टी कमिशनर वरजीत वालिया के आदेशों पर उनकी टीम द्वारा लगातार खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।

ऐसे में फूड सेफ्टी विंग ने स्पेशल मुहिम के तहत मिठाई की दुकान पर खोये और पनीर की जांच की गई। इस दौरान उनकी टीम सुबह 5.30 बजे पहुंची।
उन्होंने कहा कि आज सुबह एक गाड़ी को रोककर जांच की गई, जिसके बाद 2 मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इसके बाद अब रेस्टोरेंट और होटलों में भी खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी।
अब तक उनके द्वारा 3 सैंपल पनीर के लिए गए। सेहत विभाग अधिकारी के अनुसार 75 किलो पनीर संदिग्ध लग रहा है, ऐसे में पनीर को सीज कर लिया है और उसके सैंपल लैब में भेज दिए गए है।
लैब की रिपोर्ट आने के दौरान अगर जांच में खामिया पाई गई तो उक्त पनीर को फेंक दिया जाएगा। उनकी प्राथमिकता लोगों को बढ़िया खाद्य पदार्थ मुहैया करवाने की है।
वहीं मिठाई की दुकान पर जांच के दौरान पाया गया कि संचालक द्वारा दूसरे जिले से पनीर मंगवाया गया, लेकिन उसका बिल नहीं बरामद हुआ। ऐसे में उन्होंने सभी से खाद्य पदार्थों के साथ बिल लेने की हिदायत दी है।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उनकी टीम द्वारा लगातार जारी रहेगी। इस दौरान सभी दुकानदारों, रेस्टोरेंट और होटलों से अपील की है कि वह लोगों को साफ-सुथरा खाना मुहैया करवाएं।














