जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर में पावरकॉम कर्मचारियों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी है, जिससे बिजली व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है। पहले से करीब 4,500 नियमित और आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर थे, वहीं अब 400 सीएचबी (कंट्रोल रूम) कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं।

इसके चलते मॉडल टाउन, कैंट, मकसूदां और पठानकोट डिवीजन के कंट्रोल रूम प्रभावित हो गए हैं और बिजली संबंधी शिकायतें दर्ज कराने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश और खराब मौसम के बीच केबल फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर खराब होने या बिजली गुल होने जैसी समस्याओं के समाधान में देरी की आशंका बढ़ गई है।
नए बिजली कनेक्शन, मीटर इंस्टॉलेशन, लोड बढ़ाने और बिल सुधार जैसे कई जरूरी काम भी ठप पड़े हैं। पावरकॉम अधिकारियों का कहना है कि जनता की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है, जबकि कर्मचारी यूनियन ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।














