जालंधर में 27 नवंबर को होगी सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल, एयर रेड और ब्लैकआउट जैसी आपात स्थिति से निपटने का होगा अभ्यास

D.A. कॉम्प्लेक्स के पार्किंग एरिया में होगा आयोजन, 40 से 50 स्वयंसेवक लेंगे हिस्सा; शाम 6 बजे शुरू होगी मॉक ड्रिल

जालंधर रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा): शहर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर 2026 को सिविल डिफेंस की ओर से विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान एयर रेड (हवाई हमले की चेतावनी) और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास करवाया जाएगा।

सिविल डिफेंस जालंधर की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार यह मॉक ड्रिल 27 नवंबर को शाम 6 बजे (1800 बजे) आयोजित होगी। इसके लिए D.A. कॉम्प्लेक्स, पार्किंग एरिया, गेट नंबर 04, जालंधर को आयोजन स्थल निर्धारित किया गया है।

इस अभ्यास में कम से कम 40 से 50 स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों, पोस्ट वार्डनों और सेक्टर वार्डनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों और स्वयंसेवकों को समय रहते तैयारी पूरी करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यास में शामिल होने के लिए कहा गया है। स्वयंसेवकों की सूची 18 नवंबर 2026 तक जिला सिविल डिफेंस कार्यालय में उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में लोगों और संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया, आपसी तालमेल और बचाव संबंधी तैयारियों का अभ्यास करना है।

27 नवंबर को जालंधर में सिविल डिफेंस की ओर से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।