जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब प्रेस क्लब में बुधवार को आयोजित पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के ब्रेकफास्ट कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब क्लब के कुछ सदस्यों को कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रवेश से रोक दिया गया। इस पर नाराज पत्रकारों ने मौके पर ही विरोध दर्ज कराया, जिससे कुछ देर के लिए हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने कुछ सदस्यों को यह कहते हुए अंदर जाने से रोक दिया कि हॉल में केवल गवर्निंग काउंसिल के पदाधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति है। इस फैसले का कई पत्रकारों ने विरोध किया और कार्यक्रम स्थल पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब प्रेस क्लब के प्रधान जसबीर सैनी ने हस्तक्षेप कर पत्रकारों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराया। वहीं पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने भी कहा, “ये सभी भी मेरे भाई जैसे हैं, ऐसी कोई बात नहीं है,” जिसके बाद विवाद शांत हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की वजह गवर्निंग काउंसिल के एक पदाधिकारी द्वारा सुरक्षा कर्मियों को दिए गए निर्देश बताए जा रहे हैं। हालांकि, बाद में बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया गया और कार्यक्रम सामान्य रूप से संपन्न हुआ।














