अमृतसर में दर्दनाक हादसा: धरना स्थल पर बंधी रस्सी से टकराकर पंजाब पुलिस के कांस्टेबल की मौत

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: भंडारी पुल पर चल रहे धरने के दौरान सड़क पर बंधी रस्सी से टकराने के कारण पंजाब पुलिस के कांस्टेबल रणवीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। रणवीर सिंह मूल रूप से बटाला के रहने वाले थे और अमृतसर में तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे का सड़क हादसा हो गया है। बेटे के घायल होने की खबर मिलते ही उन्होंने तत्काल छुट्टी ली और स्कूटी पर बटाला के लिए रवाना हो गए।

इसी दौरान जब वह भंडारी पुल के पास पहुंचे, तो धरने के कारण सड़क पर बंधी रस्सी उन्हें दिखाई नहीं दी और वह उससे टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धरना स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं तथा सड़क पर लगाई गई रस्सी को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।