जालंधर में भीषण अग्निकांड: कबाड़ गोदाम से उठी आग ने 70–80 झुग्गियां की राख, इलाके में दहशत

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। वेस्ट हलके के गांव कादियां, काला सिंघा रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में शुक्रवार सुबह लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और आसपास की दो फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में करीब 70 से 80 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भारी आर्थिक क्षति हुई है।

दमकल विभाग को सुबह 10:50 बजे सूचना मिली, जिसके बाद कई फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। अब तक 15 से अधिक गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं।

आग इतनी भीषण थी कि लपटें दूर-दूर तक दिखाई देती रहीं। सिलेंडर ब्लास्ट का खतरा भी बना रहा, हालांकि समय रहते 20–25 घरों से गैस सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और अपने सामान को बचाने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, कई लोगों का पूरा घर और सामान जलकर खाक हो गया।

फिलहाल आग पर काबू पाने और नुकसान का आकलन करने का काम जारी है।

#JalandharFire #BreakingNews #PunjabNews #FireAccident #KabadiGodownFire #SlumFire #EmergencyAlert #JalandharUpdate #MajorFire #LocalNews