डी.सी. दादा मॉडल स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, मुयथाई चैंपियनशिप में जीते 9 पदक

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: डी.सी. दादा मॉडल स्कूल, इंडस्ट्रियल एरिया, जालंधर के खिलाड़ियों ने प्रथम पंजाब स्टेट मुयथाई चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक जीतकर स्कूल और पंजाब का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20 सितंबर 2026 को बी.डी. आर्य कॉलेज, जालंधर कैंट में किया गया।

प्रतियोगिता में स्कूल के नयन, आर्या और अंसुरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं सचिन, पल्लवी, अर्जुन और विराट ने रजत पदक, जबकि परी और योगेश ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

स्कूल की प्रिंसिपल अनु बाला ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि का श्रेय उनके कोच शिवम पांडे की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन को जाता है। उन्होंने कहा कि कोच की मेहनत और खिलाड़ियों की लगन के चलते आज स्कूल के बच्चे लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, सभी 9 खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की मुयथाई चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच को बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।