30 सितंबर को जालंधर में अमित शाह की नशा मुक्ति महारैली! परमिंदर सिंह बराड़ ने लिया तैयारियों का जायजा

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की 30 सितंबर को जालंधर के परागपुर जीटी रोड स्थित होटल लिली रिजॉर्ट के समीप प्रस्तावित नशा मुक्ति महारैली को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री परमिंदर सिंह बराड़ ने रैली स्थल का दौरा कर पंडाल, मंच, पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा, यातायात और कार्यकर्ताओं के बैठने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

परमिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और भाजपा इसके खिलाफ जन-जागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर की महारैली को पंजाब को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को मजबूत करने वाला बड़ा जनआंदोलन बनाने का लक्ष्य है।

वहीं, भाजपा जिला जालंधर शहरी अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि रैली की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं और मंडल, शक्ति केंद्र व बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि जालंधर की धरती से नशे, अपराध और अराजकता के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव कृष्णदेव भंडारी, भाजपा जिला जालंधर देहाती नॉर्थ अध्यक्ष मनमीत सिंह, विकी साउथ के अध्यक्ष जगबीर सिंह बराड़, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, कैंटोनमेंट बोर्ड के सिविल सदस्य पुनीत शुक्ला, जिला महामंत्री राजेश कपूर, जिला महामंत्री अमरजीत सिंह गोल्डी, जिला सचिव अमित भाटिया और वरिंदर बंटी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।