राजासांसी में ASI जसवंत सिंह पर फायरिंग के आरोपी का पुलिस से एनकाउंटर, जवाबी कार्रवाई में घायल

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। राजासांसी में बीती 11 सितंबर की रात ASI जसवंत सिंह को गोली मारने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी करण को मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

शनिवार सुबह पुलिस को आरोपी के गांव कंदूवाल के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से करण घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से हथियार व अन्य सामान कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को ASI जसवंत सिंह पर हुए हमले के मामले में पहले गिरफ्तार किया गया था और हथियार की बरामदगी के दौरान वह फरार हो गया था।