जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो| पंजाब भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक, जालंधर से सांसद सुशील रिंकू को पार्टी का पंजाब वाइस प्रधान बनाए जाने की तैयारी है। वहीं, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल को पंजाब भाजपा एससी मोर्चा में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं को पार्टी नेतृत्व ने बुलाया है और वे वाराणसी भी पहुंच चुके हैं, जहां संगठन से जुड़े अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

इसी बीच राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार रह चुका जालंधर का एक विधायक भी भाजपा के संपर्क में है। सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस संबंध में भी बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आ सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यदि ये नियुक्तियां और संभावित सियासी बदलाव होते हैं, तो जालंधर ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब की राजनीति के समीकरण बदल सकते हैं। अब सभी की नजर भाजपा नेतृत्व के अगले ऐलान पर टिकी हुई है।














