पंजाब सरकार ने जालंधर वासियों को दिया तोहफा, सतलुज चौक अब कहलाएगा भगवान परशुराम चौक

जालंधर, रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाब सरकार ने जालंधर वासियों को एक विशेष सौगात देते हुए बस स्टैंड के निकट स्थित सतलुज चौक का नाम बदलकर भगवान परशुराम चौक रखने का निर्णय लिया है। इस चौक का विधिवत उद्घाटन आज, 13 जून को दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा।

पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के सलाहकार Deepak Bali ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि भगवान परशुराम चौक का उद्घाटन समारोह आज दोपहर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जालंधर के लिए गौरव का विषय है और भगवान परशुराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उद्घाटन समारोह के उपरांत रात्रि में भगवान परशुराम को समर्पित भव्य धार्मिक आयोजन “एक शाम भगवान शिव के नाम” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूरे शहर के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।

इस संबंध में सनातन सेवा समिति पंजाब के राष्ट्रीय अध्यक्ष Vijay Sharma ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को बर्फ से निर्मित भव्य शिवलिंग के दर्शन होंगे। इसके बाद पंडाल में विराजमान 1011 ब्राह्मण श्रद्धालुओं का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ तिलक करेंगे तथा सनातन सेवा समिति द्वारा पटका पहनाकर उनका सम्मान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भगवान शिव के दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के पश्चात श्रद्धालु पंडाल में बैठकर प्रसिद्ध भजन गायक Hansraj Raghuwanshi के भजनों एवं शिव भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति का आनंद लेंगे।

आयोजन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।