राजनीति

प्रियंका गांधी की मीटिंग के बीच दफ्तर के बाहर भिड़े कांग्रेसी

(रोज़ाना भास्कर ब्यूरो) : अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की तरफ से तैयारी जारी है। इस बीच शनिवार को पार्टी के दो गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच लखनऊ में मारपीट हो गयी। बताते चलें कि प्रियंका गांधी चुनाव को लेकर 12,000 किलोमीटर लंबी यात्रा राज्य में करने वाली है।

प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को प्रदेश चुनाव समिति की भी बैठक की थी और चुनावी रणनीति पर चर्चा की थी। प्रदेश स्‍तरीय चुनाव समिति की अगली बैठक अब पांच अक्टूबर को होगी। कांग्रेस के एक पदाधिकारी के अनुसार, प्रियंका ने चुनाव को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों की बैठक की और कहा कि अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे में संगठन की राय महत्‍वपूर्ण होगी। उन्‍होंने पूर्वांचल जोन के 143 ब्लॉकों की गहन समीक्षा की और इसके बाद बुंदेलखंड जोन के कार्यकर्ताओं को भी चुनावी तैयारी के लिए प्रेरित किया।

इसके पहले कांग्रेस मुख्‍यालय से जारी बयान में कहा गया कि पार्टी के सदस्यों के साथ वाद्रा की बैठक में “कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा: हम वचन निभाएंगे’’ नाम से यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। इस यात्रा में 12 हजार किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी और यह यात्रा राज्य के गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन रावत ने शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय से जारी बयान में कहा था, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस, योगी सरकार की अर्कमण्यता, जनता से की गई वादाखिलाफी और प्रदेश में व्याप्त भ्रटाचार, मंहगाई, बढ़ते अपराध, महिला हिंसा, बेतहाशा बेरोजगारी और लचर स्वास्थ्य सेवा जैसे ज्वलंत जनमुद्दों को लेकर प्रदेश भर में ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा’ निकालेगी। प्रदेश के चार क्षेत्रों में कुल 12,000 किलोमीटर की यह यात्रा जनाक्रोश को स्वर देगी और जनता के बीच कांग्रेस के असल विकल्प होने का दावा पेश करेगी।

रावत ने बताया कि इस दौरे में वाद्रा ने उत्तर प्रदेश की 58 हजार ग्राम सभाओं में इस माह के अंत तक कांग्रेस के ग्राम सभा अध्यक्ष और उनकी कमेटियों का गठन अनिवार्य रूप से करने का सख्त निर्देश दिया है। शुक्रवार को प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर उनके चित्र पर मार्ल्यापण करके और परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ समीक्षा बैठकों की शुरुआत की।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *