बड़ी खबर: मुख्यमंत्री के आदेशों पर एलपीयू पहुंचे डीजीपी गौरव यादव, संदेश साफ- हिंसा करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे, जांच शुरू 

LPU में 10 दिन क्लास सस्पेंड, मिड-टर्म परीक्षाएं टलीं; छात्रों को हॉस्टल में रहने की सलाह, इंटरनेट बंद और घर लौटने छात्र

जालंधर/फगवाड़ा, रोजाना भास्कर ब्यूरो: छात्रों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने 28 सितंबर 2026 से अगले 10 दिनों तक रेगुलर क्लासेस सस्पेंड करने की सूचना जारी की है। इसके साथ ही मिड-टर्म परीक्षाएं (MTT) अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई हैं। परीक्षा की नई तारीखों की जानकारी छात्रों को UMS के माध्यम से दी जाएगी।

यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने माता-पिता से सलाह करके 10 दिनों की अवधि के लिए घर जा सकते हैं। जो छात्र कैंपस में रहेंगे, उन्हें हॉस्टल/अपने रहने के स्थान पर रहने और बेवजह बाहर न निकलने तथा किसी भी अशांति वाली गतिविधि में शामिल न होने की सलाह दी गई है।

यूनिवर्सिटी ने छात्रों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और आगे की जानकारी के लिए UMS से जुड़े रहने की अपील की है।

LPU विवाद पर DGP गौरव यादव सख्त, बोले- कानून हाथ में लेने वालों को नहीं बख्शेंगे

फगवाड़ा। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर चल रहे छात्र प्रदर्शन के बीच पंजाब के DGP गौरव यादव खुद स्थिति का जायजा लेने LPU पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। DGP ने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

DGP ने बताया कि छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के बीच आज फिर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनी जाएगी और उनकी समस्याओं को मैनेजमेंट के सामने रखा जाएगा। वहीं, पुलिस के मुताबिक देर रात कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ते हुए पुलिस और मीडिया की गाड़ियों पर पथराव किया तथा तोड़फोड़ की। इस संबंध में जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

DGP ने पुलिस कमिश्नर और SSP को निर्देश दिए कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जो भी दोषी मिले, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मीडिया से भी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही खबर प्रकाशित करने की अपील की।